
चैम्पियंस लीग टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बची एकमात्र आईपीएल टीम दिल्ली डेयरडेविल्स मंगलवार को घरेलू टीम टाइटंस के खिलाफ उतरेगी, तो उसकी नजरें सेमीफाइनल में जगह पक्की करने पर होगी।ग्रुप ए में शीर्ष पर काबिज दिल्ली ने रविवार को पर्थ स्कोर्चर्स को हराया। अब उसके 10 अंक हैं। वहीं पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से भारी अंतर से हारी टाइटंस 8 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। दोनों टीमों का सेमीफाइनल में जाना लगभग तय है। मंगलवार के मैच से पता चलेगा कि शीर्ष पर कौन सी टीम रहती है।
पिछले मैच में पर्थ के खिलाफ दिल्ली के बल्लेबाजों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं टाइटंस को केकेआर ने बुरी तरह हराया। दिल्ली ने 122 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महेला जयवर्धने, उन्मुक्त चंद, केविन पीटरसन और रोस टेलर के विकेट सस्ते में गंवा दिए। इसके बाद वीरेंद्र सहवाग ने उसे जीत तक पहुंचाया। सहवाग का फॉर्म में लौटना दिल्ली के लिए सोने पे सुहागा साबित हुआ।
'मैन ऑफ द मैच' रहे अनुभवी हरफनमौला अजित अगरकर ने सिर्फ 14 रन देकर दो विकेट लिए। दूसरी ओर केकेआर से हारने के बाद टाइटंस का मनोबल गिरा हुआ है। जीत के लिए 189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम सिर्फ 89 रन पर आउट हो गई थी।
No comments:
Post a Comment